Thand ka Kahar: ठंड का सितम जारी, 7.8 पर रहा मंगलवार-बुधवार दरमियान रात का पारा
Cold havoc: Cold continues, mercury remained at 7.8 on Tuesday-Wednesday night
Thand: बैतूल में ठंड का सितम जारी है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड के कारण लोगों को दिन में भी अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। हालात यह है कि उत्तर भारत से आ रही हवाओं के कारण बैतूल जिले में कडाके की ठंड पड़ रही है। रात के समय इतनी अधिक ठंड रहती है कि लोग बंद कमरे से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे है। ऐसे में फुटपाथ सहित खुले आसमान में नीचे रात बिताने वालों की मुश्किल और बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन ने ठंड को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है, लेकिन यह व्यवस्था ठंड में रात बिताने वालों के लिए काफी नहीं है। इधर मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिन ठंड इसी तरह बरकरार रह सकती है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। जिसकी वजह से रात के समय ठंड का असर अधिक रहता है।

मंगलवार रही सीजन की सबसे ठंडी रात
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। इस दौरान तापमान 7.8 डिग्री पर पहुंचा था। मौसम विभाग ने एक दो दिन तक इसी तरह ठंड का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया है। मौसम विभाग भोपाल ने जारी की एडवाइजरी में बताया कि आने वाले समय में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट आ सकती है।
इन जिलों में चल सकती है शीतलहर
मौसम विभाग भोपाल द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया कि सतना और सागर जिले में शीत लहर चल सकती है। इसके अलावा खंडवा, खरगोन, सिवनी, छतरपुर और भिंड में भी तेज ठंड पडऩे की संभावना है। वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड, रीवा, मउगंज, छतरपुर जिले में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। भोपाल एवं निकटवर्ती स्थानों पर धुंध और 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।
